news wallet

नई दिल्ली, 23 दिसम्बर, 2019 – नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन (एनआरसी) के विरोध में कांग्रेस के शीर्ष नेता राजघाट पर सत्याग्रह पर बैठे, और उन्होंने संविधान में लोगों को प्रदत्त अधिकारों के संरक्षण की मांग की। सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डा0 मनमोहन सिंह व पार्टी के पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी ने संविधान की प्रस्तावना भी पढ़ी। इस सत्याग्रह का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने किया।

सत्याग्रह में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, एके एंटनी, गुलाम नबी आजाद, केसी वेणुगोपाल, आनंद शर्मा, दिग्विजय सिंह और बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता भी इसमें शामिल हुए। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने दिल्ली प्रदेश की अगुवाई की। न्यूनतम 7 डिग्री तापमान की अच्छी खासी ठंड के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने पूरे माहौल को गर्म बना दिया।

इस मौके पर दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। केन्द्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है। हाल ही में हुए रामलीला मैदान में ‘‘भारत बचाओ’’ रैली ने दिल्ली कांग्रेस को नई उर्जा दी है। उन्होंने कहा कांग्रेस शुरू से ही नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ रही है। वास्तव में यह कानून देश को बांटने वाला है। उन्होंने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाया कि केजरीवाल ने अभी तक नागरिकता संशोधन कानून पर अपना रूख स्पष्ट नहीं किया, आखिर वह बताएं कि वह किस ओर खड़े हैं?

सोमवार को झारखंड के आए नतीजों पर सुभाष चोपड़ा ने कहा यह नतीजे कांग्रेस को उत्साहित करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अब देश का मिजाज बदल चुका है। पीएम मोदी के नाम पर सत्ता में काबिज होने की चाह रखने वाले यह समझ लें कि अब उनका जादू नहीं चलेगा। सुभाष चोपड़ा ने कहा कि भाजपा और आप पार्टी दोनों खूब समझ लें कि दिल्ली के लोगों का मन फिर से कांग्रेस पर आ चुका है। उन्हें कांग्रेस के पिछले 15 साल की सरकार याद आ रही है। श्री चोपड़ा ने इस ठंड में पहुंचे अपने पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। साथ ही कहा कि पार्टी ऐसे कार्यकर्ताओं को हमेशा याद रखेगी जो देश को बचाने में अपने तन-मन लगाए हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

Close
Back to top button
Close
Close